दमोह उपचुनावः अपने ही बूथ पर कांग्रेस के अजय टंडन से हार गए राहुल सिंह लोधी


छठवें राउंड तक कांग्रेस को 17183 वोट मिले हैं और भाजपा को 14499 वोट मिले हैं। यानी कांग्रेस 2684 वोट से आगे हैं। 


abdul wasim ansari abdul wasim ansari
राजनीति Updated On :

दमोह। उपचुनाव में दोपहर तक के रुझानों की मानें तो दमोह में अजय टंडन अगले विधायक बनते हुए नज़र आ रहे हैं।  यहां वे छह राउंड में से पांच में आगे रहे हैं। हालांकि यहां कुल 26 राउंड होने हैं लेकिन टंडन के पास दो हज़ार से अधिक वोटों की बढ़त बनी हुई है। छठवें राउंड में  टंडन के पास कुल बढ़त 2684 वोटों से आगे चल रहे हैं।

यहां सबसे महत्वपूर्ण बात जो देखने को मिल रही है वह है भाजपा के राहुल सिंह लोधी का विरोध। राहुल अपने गृह क्षेत्र में हार गए हैं। उनके निवास क्षेत्र खेरुआ गांव में मतदान केंद्र क्रमांक 12 पर राहुल सिंह को 108 वोट मिले हैं जबकि कांग्रेस के अजय टंडन को यहां 206 वोट मिले हैं। यानी राहुल सिंह 98 वोट से अपना बूथ हार गए हैं।

अब अगले आठ राउंड में शहरी क्षेत्र की वोटों की गिनती होगी और आखिरी के आठ राउंड में फिर ग्रामीण क्षेत्रों के वोट गिने जाएंगे। ऐसे में शहरी क्षेत्र की मतगणना काफी कुछ तय करेगी।

कुल मतगणना की बात करें तो छठवें राउंड तक कांग्रेस को 17183 वोट मिले हैं और भाजपा को 14499 वोट मिले हैं। यानी कांग्रेस 2684 वोट से आगे हैं।

इससे पहले पांचवें राउंड में अजय टंडन 655 वोट से पिछले थे लेकिन कुल वोटों के हिसाब से वे फिर भी करीब दो हज़ार वोट से आगे थे।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा क्रमांक 55 पर यह उपचुनाव राहुल सिंह लोधी के इस्तीफ़े के बाद हो रहे हैं। यहां पहले राहुल सिंह ने भाजपा के जयंत मलैया को हराया था। हालांकि बाद में उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफ़ा देकर भाजपा का दामन थाम लिया।



Related