खरगोन। इंदौर डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) के तत्वावधान में जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंतरजिला लेदर बॉल क्रिकेट स्पर्धा के दूसरे दिन बड़वानी ने खंडवा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां गुरुवार को उसका मुकाबला धार से होगा।
स्पर्धा के नीरज जोशी ने बताया कि एडिशनल एसपी डॉ. नीरज चौरसिया, एसडीओपी रोहित अलावा व टीआई प्रकाश वास्कले आज के मैच के अतिथि थे। आईडीसीए उपाध्यक्ष मनोज रघुवंशी ने अतिथियों का स्वागत कर खिलाड़ियों से परिचय करवाया और मंच का संचालन रवींद्र यादव ने किया।
खंडवा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी जिसका बड़वानी के बल्लेबाजों ने जमकर फायदा उठाया और 9 विकेट के नुकसान पर 50 ओवर में 218 रनों के स्कोर बनाया।
बड़वानी की ओर से कार्तिक गुर्जर ने 59, विश्वास शर्मा ने 41 रन एवं अथर्व शाह ने 31 रन बनाए। खंडवा की ओर से सौरभ पंडित एवं सचिन मंडलोई ने 2-2 विकेट लिए।
जवाबी पारी में खंडवा की टीम कुछ खास नहीं कर सकी और 38वें ओवर में 133 रनों पर ऑल आउट हो गई। इसमें हार्दिक महाजन ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। बड़वानी की ओर से प्रदीप चौहान ने 4, विश्वास शर्मा ने 3 एवं आरिश शेख़ ने 2 विकेट लिए।













