मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। ब्यौहारी क्षेत्र के हिरवार गांव में एक महिला ने अपनी तीन बेटियों को कथित तौर पर कीटनाशक पिलाने के बाद स्वयं भी जहर खा लिया। इस हृदयविदारक घटना में मां सहित चारों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
पड़ोसियों को आवाज देकर बताई पूरी घटना
जानकारी के अनुसार मृतक महिला की पहचान 32 वर्षीय अनिता सिंह के रूप में हुई है। उनकी बेटियां रितिका (7 वर्ष), कृष्णकुमारी (4 वर्ष) और अर्पिता (2 वर्ष) थीं। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल मां और उसकी तीनों बेटियां मौजूद थीं। जहर की कम मात्रा शरीर में जाने के कारण बड़ी बेटी रितिका कुछ देर तक होश में रही और घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण तत्काल सभी को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। रितिका ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घर में मिला कीटनाशक का पैकेट
पपौंध थाना पुलिस को मौके से एल्युमिनियम सल्फाइड का पैकेट बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि बच्चों को कीटनाशक खांसी की दवा बताकर पिलाया गया था। पुलिस के अनुसार घटना से पहले महिला ने घर में रखे कुछ कपड़ों, जरूरी दस्तावेजों, तस्वीरों और अनाज में भी आग लगा दी थी। इस जानकारी का खुलासा बड़ी बेटी रितिका ने पड़ोसियों को किया था।
आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों की जांच
पुलिस जांच में पता चला है कि महिला का पति पेशे से ड्राइवर है और रोजगार के सिलसिले में दूसरे शहर में रहता था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी बहुत मजबूत नहीं बताई जा रही है। महिला मजदूरी कर परिवार के खर्च में सहयोग करती थी, जबकि उसका पति बाहर से पैसे भेजता था। जानकारी के मुताबिक वह करीब दो महीने पहले ही गांव आया था।
कारण अब भी स्पष्ट नहीं
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार सास-ससुर से अलग रह रहा था। अब पुलिस महिला के मायके पक्ष और अन्य परिजनों से भी पूछताछ करेगी ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
गांव में पसरा सन्नाटा
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से हिरवार गांव में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों के अनुसार परिवार सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था और किसी को इस तरह की घटना की आशंका नहीं थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।


















