इंदौर के डॉ अनुपम श्रीवास्तव दिल्ली में होंगे सम्मानित, “डॉ. हैनिमैन अवॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस” के लिए चयनित


मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध होम्योपैथी चिकित्सक डॉ अनुपम श्रीवास्तव को दिल्ली में प्रतिष्ठित हैनिमैन अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।


DeshGaon
इन्दौर Updated On :

मध्यप्रदेश के चिकित्सा क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। शहर के प्रतिष्ठित होम्योपैथी चिकित्सक प्रोफेसर डॉ. अनुपम श्रीवास्तव को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें नई दिल्ली में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में “डॉ. हैनिमैन अवॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस” के लिए आमंत्रित किया गया है। यह सम्मान उनके शोध कार्य, 25 वर्षों की चिकित्सा सेवाओं और होम्योपैथी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।

यह सम्मान समारोह देश की शीर्ष संस्थाओं राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग और केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद द्वारा विश्व होम्योपैथी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों के पश्चात अखिल भारतीय चिकित्सा संघ के राष्ट्रीय आयोजन के अंतर्गत किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देशभर के चुनिंदा होम्योपैथी विशेषज्ञों को उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

 

डॉ. अनुपम श्रीवास्तव का चिकित्सा क्षेत्र में योगदान बहुआयामी और उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने अपने लंबे अनुभव के दौरान कई जटिल और दीर्घकालिक बीमारियों के उपचार में सफलता हासिल की है। विशेष रूप से कमर दर्द, मानसिक एवं मनोरोग आधारित शारीरिक समस्याओं पर उनका पीएचडी शोध काफी चर्चित रहा है। इसके अलावा, उन्होंने बांझपन (इन्फर्टिलिटी), किडनी एवं प्रोस्टेट रोग, पथरी, पीसीओडी, ट्यूमर तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े जटिल मामलों में प्रभावी उपचार देकर मरीजों को नई उम्मीद दी है।

 

डॉ. श्रीवास्तव की एक खास पहचान यह भी है कि वे मध्य भारत में एमडी (साइकेट्री) और पीएचडी (होम्योपैथी) की संयुक्त योग्यता रखने वाले विरले चिकित्सकों में शामिल हैं। यह संयोजन उन्हें शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार की बीमारियों के समग्र उपचार में सक्षम बनाता है, जो आधुनिक चिकित्सा प्रणाली में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।

 

चिकित्सा सेवा के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान सराहनीय रहा है। उन्होंने लगभग 12 वर्षों तक होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में अध्यापन कार्य करते हुए अनेक विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया। उनके मार्गदर्शन में कई छात्र आज सफल चिकित्सक के रूप में कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त, वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कई होम्योपैथिक सेमिनारों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं और अपने अनुभव साझा कर चिकित्सा जगत को समृद्ध किया है।

 

दिल्ली में आयोजित होने वाला यह सम्मान समारोह देश के प्रमुख विशेषज्ञों, प्रतिष्ठित अतिथियों और अग्रणी होम्योपैथिक संगठनों की उपस्थिति में संपन्न होगा। इस उपलब्धि पर डॉ. श्रीवास्तव को सामाजिक विचार मंच, होम्योपैथी मेडिकल एसोसिएशन ऑफ महू, रोटरी क्लब महू सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।



Related