मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में भाजपा से जुड़े एक पदाधिकारी के बेटे पर युवती के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने अपना नाम बदलकर उससे दोस्ती की और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब युवती ने शादी की बात कही तो आरोपी ने अपनी असली पहचान बताई और अश्लील फोटो-वीडियो दिखाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैफे में हुई थी पहली मुलाकात
जानकारी के अनुसार पीड़िता की आरोपी से पहली मुलाकात 28 अक्टूबर 2025 को इंदौर के विजय नगर इलाके में स्थित एक कैफे में हुई थी। मुलाकात के दौरान दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर साझा किए, जिसके बाद उनके बीच बातचीत शुरू हो गई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने खुद को “मोहित” नाम से परिचित कराया था और भरोसा दिलाया कि वह उससे शादी करेगा।
पीड़िता के अनुसार 15 नवंबर 2025 को आरोपी ने उसे अपने माता-पिता से मिलाने के बहाने एक फ्लैट पर बुलाया। वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। युवती का कहना है कि उस समय उसने विरोध किया, लेकिन आरोपी ने उसे शादी का भरोसा देकर शांत करा दिया।इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बना रहा।
शादी की बात पर सामने आई सच्चाई
पीड़िता ने जब आरोपी से शादी की बात कही तो युवक ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसका असली नाम “मोहित” नहीं है और वह पहले से शादीशुदा है। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती को उसके अश्लील फोटो और वीडियो दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार उसे धमकाता रहा और किसी को भी घटना बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देता था।
महिला थाना में दर्ज हुआ मामला
घटना से परेशान होकर पीड़िता हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों के साथ इंदौर के महिला थाना पहुंची और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़े एक पदाधिकारी के बेटे के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला सामने आने के बाद इंदौर में राजनीतिक हलकों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है।
























