केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह और प्रदेश के मंत्री प्रह्लाद पटेल के क्षेत्रों में नाराज किसानों का विरोध: सड़क पर धरना और जाम


परेशान किसानों की नहीं हो रही सुनवाई, सड़क पर लगाया जाम 


ब्रजेश शर्मा ब्रजेश शर्मा
उनकी बात Updated On :

मूंग उत्पादक किसान अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए बहुत परेशान हो रहे हैं। गुरुवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र और मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के गृह नगर गोटेगांव में परेशान किसानों ने सड़क पर जाम लगा दिया। किसान काफी देर तक सड़क पर डटे रहे।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र में मूंग बेचने के लिए रोजाना परेशान हो रहे किसानों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। मूंग बेचने की समस्याओं से परेशान किसान काफी देर तक सड़क पर डटे रहे और जाम लगा दिया। देश के कृषि मंत्री के क्षेत्र में ही किसानों की नाराजगी सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। किसानों को समझाने-बुझाने की भरपूर कोशिश की गई।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्र भेरूंदा में मूंग खरीदी नहीं होने से नाराज किसानों ने सड़क पर चकाजाम कर दिया। बड़ी संख्या में मौजूद किसानों ने जमकर नारेबाजी की और भोपाल-भेरूंदा मार्ग पर बीच सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। इस दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई और वाहन चालक परेशान होते नजर आए। किसानों के विरोध प्रदर्शन और चकाजाम करने से आम राहगीरों के लिए निकलना मुश्किल हो गया, जिसके बाद पुलिस को मौके पर आना पड़ा।

पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने किसानों को समझाने की कोशिश की, लेकिन किसान बेहद नाराज थे। वे मूंग खरीदी में हो रही गड़बड़ियों को दूर करने की मांग कर रहे थे और इन गड़बड़ियों को दूर किए बिना जाम खत्म करने को राजी नहीं हुए। काफी देर तक अधिकारियों ने किसानों को समझाया और दिक्कतें दूर करने तथा समस्या को हल करने का आश्वासन दिया, तब जाकर किसान राजी हुए और उन्होंने आंदोलन समाप्त किया।

उधर, मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के गृह नगर गोटेगांव में भी यही हाल रहा। यहां गोटेगांव-जबलपुर मार्ग स्थित एक वेयरहाउस के सामने बड़ी संख्या में जुटे किसान धरने पर बैठ गए। पुलिस उन्हें समझाने में लगी रही। अंततः अधिकारियों के आश्वासन पर किसान धरने से उठे। किसानों का कहना था कि मूंग लेने में अधिकारी किसानों को तंग कर रहे हैं, मनमानी और पक्षपात कर रहे हैं।



Related