राजगढ़ में पत्रकार की हत्या: बेटे के सामने बाइक सवार बदमाशों ने सिर में मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस

राजगढ़ जिले के सारंगपुर में तीन बाइक सवार बदमाशों ने पत्रकार सलमान अली की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में मंगलवार रात करीब 9 बजे एक पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पत्रकार सलमान अली अपने बेटे के साथ सिविल अस्पताल के सामने स्कूटी पर बैठे थे, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनके सिर में पीछे से पिस्तौल सटाकर गोली चला दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

 

हमलावर गोली मारने के बाद पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए। मौके पर मौजूद दुकानदारों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सलमान अली को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घटना के वक्त सारंगपुर के एसडीओपी भी इलाके में थे, लेकिन हमलावर वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

 

बताया जा रहा है कि यह घटना किसी पुरानी रंजिश के कारण हो सकती है। इससे पहले भी फरवरी 2023 में सलमान पर चाकू और तलवार से हमला हुआ था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

 

सलमान अली की पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह से नजदीकियां भी चर्चा में रही हैं, जिनके साथ उनकी कई तस्वीरें सामने आई हैं।

First Published on: September 18, 2024 9:59 AM