नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार ने अपने 30 लाख कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट के तौर पर बोनस को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में बुधवार को कई अहम फैसले लिए गए।
कैबिनेट ने 2019-20 के लिए प्रोडक्टिविटी लिंक्ड और नॉन-प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस की मंजूरी दे दी। इससे केंद्र के 30 लाख नॉन-गजेटेड कर्मचारियों को फायदा होगा। दशहरे से पहले बोनस की पूरी रकम एक किश्त में दे दी जाएगी।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि बोनस पर 3737 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। बोनस का भुगतान कर्मचारियों के बैंक खातों में किया जाएगा।
विजयदशमी या दुर्गा पूजा के पहले ही केंद्र सरकार के 30 लाख नॉन गैजेटेड कर्मचारियों को 3737 करोड़ के बोनस का भुगतान किया जाएगा, इससे बाजार में मांग बढ़ेगी और फेस्टिवल सीजन में मध्यम वर्ग के हाथ में पैसा होगा : केंद्रीय मंत्री @PrakashJavdekar #CabinetDecisions pic.twitter.com/ONh2XutYki
— पीआईबी हिंदी (@PIBHindi) October 21, 2020
बोनस का फायदा पाने वालों में रेलवे, पोस्ट ऑफिस, EPFO और ESIC के 17 लाख कर्मचारी शामिल हैं। इन्हें प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस दिया जाएगा। बाकी 13 लाख केंद्रीय कर्मचारियों को नॉन प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस मिलेगा।
सरकार ने यह फैसला इसलिए लिया है, ताकि त्योहारों के सीजन में लोग ज्यादा खर्च कर सकें। सरकार का कहना है कि मिडिल क्लास के हाथ में पैसा जाने से बाजार में मांग बढ़ेगी और इकोनॉमी को फायदा होगा।














