एक शानदार प्रयोग का अंत! जयस के संस्थापक महेंद्र कन्नौज ने ली भाजपा की सदस्यता


जयस को पश्चिमी मध्यप्रदेश में एक शानदार प्रयोग माना गया था लेकिन यह छोटी सी धारा बड़ी राजनीति पार्टियों में गुम हुई जा रही है।


आशीष यादव आशीष यादव
राजनीति Updated On :

आदिवासी समुदाय के हितों के लिए बनी जयस (जय आदिवासी युवा शक्ति) के संस्थापक सदस्यों में से एक महेंद्र कन्नौज ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह कार्यक्रम प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने महेंद्र कन्नौज को पार्टी में शामिल किया और उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि कन्नौज के अनुभवों का लाभ भारतीय जनता पार्टी को मिलेगा और हम सभी मिलकर देश और प्रदेश के विकास के लिए काम करेंगे।

कार्यक्रम में महेंद्र कन्नौज ने कहा कि उन्हें खुशी है कि वे भाजपा के सदस्य बन गए हैं, जिस पर पूरी दुनिया भरोसा करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासी जननायकों का सम्मान किया है और आदिवासी संस्कृति को सहेजने का काम किया है। अब वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में आदिवासियों समेत समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए काम करेंगे।

आदिवासियों और हर वर्ग के लिए करेंगे काम – डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए विशेष है क्योंकि जयस के संस्थापक महेंद्र कन्नौज अपने समर्थकों के साथ भाजपा परिवार में शामिल हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार हर वर्ग के हित में काम कर रही है और इसी का परिणाम है कि हमने पहले मध्यप्रदेश में सरकार बनाई और फिर सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की। डॉ. यादव ने कहा कि हम राष्ट्रवादी सोच वाले नेताओं को पार्टी से जोड़ने का काम कर रहे हैं और कन्नौज के अनुभवों से हमें लाभ होगा। हम मिलकर आदिवासियों और प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के हित के लिए काम करेंगे।

महेंद्र कन्नौज के अनुभवों का मिलेगा लाभ – विष्णुदत्त शर्मा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि महेंद्र कन्नौज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आदिवासियों और गरीबों के कल्याण के लिए जो कार्य किए हैं और आदिवासी जननायकों को जो सम्मान दिया है, उससे प्रभावित होकर लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पिछले कई वर्षों से मध्यप्रदेश को स्वर्णिम बनाने की दिशा में काम कर रही है और हम सभी मिलकर इस दिशा में आगे बढ़ेंगे। शर्मा ने कहा कि महेंद्र कन्नौज ने जयस में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वाह किया है और उनके अनुभवों से भाजपा को लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर जनपद सदस्य गोकुल गिरवाल, सरपंच चिंटू गिरवाल, भूरेसिंह गिरवाल, राजू कटारे, रामेश्वर, धर्मेन्द्र, लक्ष्मण गिरवाल, जितेन्द्र कटारे, महेश दांगी, राजेन्द्र कटारे, प्रकाश गुर्जर सहित कई समर्थक उपस्थित थे। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री नागर सिंह चौहान, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, भाजपा प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी भी उपस्थित थे। यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने दी।

एक शानदार प्रयोग का अंत…

जयस की स्थापना 16 मई 2013 को हुई थी। इसका उद्देश्य प्रदेश की  84 आदिवासी बाहुल्य सीटों पर अपनी ताकत दिखाना था। हालांकि इन 11 सालों में जयस को कई बार टूट का सामना करना पड़ा। जायस के एक संस्थापक हीरालाल अलावा अब कांग्रेसी विधायक हैं तो महेंद्र कन्नौज भाजपा में आ चुके हैं। हालांकि पांच साल पहले वे भी कांग्रेस में जा चुके हैं। जयस को आदिवासी नागरिकों के हितों की राजनीति का एक शानदार और कुछ हद तक सफल प्रयोग माना गया था लेकिन दोनों बड़ी पार्टियों में यह छोटी सी शुरुआत घुल गई है।



Related