महाकालेश्वर मंदिर: BJP नेता पर प्रसाद झूठा करने का आरोप, वीडियो वायरल, कांग्रेस का हमला

महाकालेश्वर मंदिर के लड्डू प्रसाद को लेकर विवाद गरमा गया है। कांग्रेस ने भाजपा नेता पर प्रसाद के लिए पिसी जा रही दाल को झूठा करने का आरोप लगाया, जिस पर भाजपा नेता ने सफाई देते हुए राजनीति न करने की नसीहत दी।

उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के लड्डू प्रसाद को लेकर शनिवार को विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस ने एक वीडियो जारी कर भाजपा नेता पर लड्डू प्रसाद के लिए पिसी जाने वाली दाल को झूठा करने का आरोप लगाया। इसके जवाब में भाजपा नेता ने कांग्रेस पर मंदिर के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया और अपनी सफाई दी।

 

शुक्रवार को महाकाल मंदिर के पास एक हादसे के बाद प्रदेश के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल शनिवार को मंदिर पहुंचे। हादसे का जायजा लेने के बाद वे भाजपा जिला महामंत्री संजय अग्रवाल और नगर निगम सभापति कलावती यादव के साथ चिंतामण क्षेत्र में स्थित लड्डू प्रसादी यूनिट का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां सहायक प्रशासक और यूनिट प्रभारी पीयूष त्रिपाठी ने उन्हें प्रसाद निर्माण की प्रक्रिया बताई।

 

इस दौरान मंदिर प्रशासन ने इस निरीक्षण का वीडियो कवरेज किया। वीडियो में संजय अग्रवाल को दाल चखते हुए देखा गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और विवाद का कारण बना। तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसाद में मिलावट के मामलों को देखते हुए मंत्री टेटवाल ने लड्डू प्रसादी यूनिट का दौरा किया था।

 

कांग्रेस ने क्या कहा?

कांग्रेस नेता और सहकारी बैंक के पूर्व प्रशासक अजीत सिंह ने वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि जिस दाल से भगवान महाकाल को अर्पित किए जाने वाले लड्डू बनाए जाएंगे, उसे क्वालिटी चेक करने के नाम पर खाना और फिर उसी हाथ से चक्की में डालना शर्मनाक है। यह कृत्य भक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला है।

 

भाजपा नेता की सफाई

कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए भाजपा जिला महामंत्री संजय अग्रवाल ने कहा कि वे दाल के व्यापारी हैं और दाल की गुणवत्ता चेक करने के लिए उसे मुंह में लिया था, लेकिन झूठी दाल चक्की में नहीं डाली। उन्होंने कांग्रेस से मंदिर को राजनीति से दूर रखने का आग्रह किया और कहा कि यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वे इसके लिए क्षमा मांगते हैं।

 

First Published on: September 29, 2024 10:43 AM