जीतू पटवारी का दावा; मध्य प्रदेश में हर 17 मिनट में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म, राज्य में लगा हुआ है ‘सामाजिक आपातकाल’

मध्य प्रदेश में महिला अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर कांग्रेस ने गहरी चिंता व्यक्त की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि राज्य में हर 17 मिनट में एक बच्ची से दुष्कर्म हो रहा है। इसे 'सामाजिक आपातकाल' बताते हुए कांग्रेस ने तीन चरणों में 'बेटी बचाओ अभियान' चलाने की घोषणा की है। इस अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को उपवास, कैंडल मार्च और मशाल जुलूस से होगी।

मध्य प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों के मामलों ने गंभीर स्थिति बना दी है। कांग्रेस ने इसे ‘सामाजिक आपातकाल’ बताते हुए इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में हर 17 मिनट पर एक बच्ची के साथ दुष्कर्म हो रहा है। इन घटनाओं के खिलाफ कांग्रेस तीन चरणों में ‘बेटी बचाओ अभियान’ चलाएगी। यह अभियान गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर से शुरू होगा। इसमें उपवास, कैंडल मार्च, और मशाल जुलूस का आयोजन किया जाएगा।

 

जीतू पटवारी ने जताई गंभीर चिंता

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को पीसीसी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने उज्जैन में फुटपाथ पर हुए दुष्कर्म और जबलपुर में छात्रवृत्ति के नाम पर 70 बच्चियों के वीडियो बनाए जाने का मुद्दा उठाया। पटवारी का कहना है कि प्रदेश के भोपाल, मुरैना, हरदा समेत किसी भी जिले में महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं।

 

पुलिस व्यवस्था पर सवाल

पटवारी ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार महिला अपराधों को रोकने में पूरी तरह विफल है। उन्होंने कहा, “मध्य प्रदेश में हर 17 मिनट में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हो रही है। पुलिस विभाग में न पर्याप्त कर्मचारी हैं, न ही उपकरण। प्रदेश में कर्मचारियों की 50% कमी है। पुलिस का डर खत्म हो गया है क्योंकि नशा का कारोबार फल-फूल रहा है और पुलिस की इसमें हिस्सेदारी है।”

 

कांग्रेस का तीन चरणों में ‘बेटी बचाओ अभियान’

महिला सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने तीन चरणों में ‘बेटी बचाओ अभियान’ चलाने की घोषणा की है। इस अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर उपवास के साथ होगी। इसके बाद प्रदेशभर में कैंडल मार्च और मशाल जुलूस आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस ने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी और सरकार को सुझाव भी देती रहेगी।

 

बेरोजगारी और नशे के कारण अपराध

जीतू पटवारी ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी और नशे का बढ़ता प्रचलन अपराधों के पीछे का एक बड़ा कारण है। “प्रदेश में युवा दिनभर सोशल मीडिया और मोबाइल पर व्यस्त रहते हैं और फिर विकृति को आत्मसात कर अपराध की तरफ बढ़ जाते हैं। राज्य में महिलाओं से संबंधित एक लाख 40 हजार मामले लंबित हैं। 3 साल की बच्ची से लेकर 70 साल की बुजुर्ग तक सुरक्षित नहीं हैं।”

 

सरकार की प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी कांग्रेस के 27 विधायकों ने मुलाकात की। विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने इस मुलाकात में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों से उनके क्षेत्र का विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने को कहा और आश्वासन दिया कि सरकार इस दिशा में काम करेगी।

First Published on: October 1, 2024 7:27 PM