राघौगढ़ में दिग्विजय सिंह के भतीजे आदित्य विक्रम सिंह पुलिस के मुंह पर उड़ा रहे थे सिगरेट का धुआं, सरकारी काम में बाधा का केस दर्ज


मध्य प्रदेश के राघौगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भतीजे आदित्य विक्रम सिंह के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आदित्य पर आरोप है कि उन्होंने ‘मैं हूं अभिमन्यु’ जागरूकता अभियान के तहत आयोजित नुक्कड़ नाटक को रोकने की कोशिश की, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और सिगरेट का धुआं उनके मुंह पर छोड़ा।


DeshGaon
राजगढ़ Updated On :

मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर लगातार हमलावर रहने वाली कांग्रेस को उसके खुद के नेता भी कम परेशान नहीं कर रहे हैं।

अब वरिष्ठ कांग्रेसी दिग्विजय सिंह के राघौगढ़ इलाके से एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो उनके भतीजे और पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह के बेटे आदित्य विक्रम सिंह का है। जहां आदित्य विक्रम सिंह पुलिस की अभियान में खलल डालते हुए नज़र आ रहे हैं।

यह घटना ‘मैं हूं अभिमन्यु’ अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा के लिए आयोजित नुक्कड़ नाटक के दौरान हुई। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस कार्यक्रम में आदित्य विक्रम सिंह ने हस्तक्षेप किया और इसे रोकने की कोशिश की। वह अपने वाहन चालक ऊधम सिंह राजपूत के साथ पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के साथ बहस करने लगे।

नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम के दौरान आदित्य ने पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस की और इस विवाद के दौरान सिगरेट पीते हुए अधिकारियों के सामने धुआं छोड़ा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें आदित्य विक्रम सिंह और उनके ड्राइवर की पुलिस अधिकारियों के साथ की गई हुज्जत और दुर्व्यवहार को देखा जा सकता है।

वीडियो में आदित्य विक्रम सिंह, राघौगढ़ के थाना प्रभारी जुबेर खान और एसडीओपी दीपा डोडवे के सामने सिगरेट पीते हुए बहस कर रहे हैं। आदित्य ने कार्यक्रम को बंद कराने की मांग की और कहा, “तुम सुप्रीम कोर्ट से ऊपर हो क्या?” यह घटना तब और बिगड़ गई जब आदित्य ने पुलिसकर्मियों से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनके मुंह पर सिगरेट का धुआं छोड़ा।

 

इस दौरान, वाहन चालक ऊधम सिंह भी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करते नजर आए। उन्होंने आदित्य विक्रम को समर्थन देते हुए कहा कि यह “बाबा साहब” का मामला है। इस पर थाना प्रभारी ने उन्हें जवाब दिया, “तो आदमी का ध्यान रखो,” जो वीडियो में स्पष्ट रूप से सुना जा सकता है।

बताया जाता है कि घटना के बाद आदित्य विक्रम सिंह ने कार्यक्रम में शामिल छात्रों और कॉलेज के कर्मचारियों से भी अभद्रता की। उन्होंने वहां मौजूद रजिस्ट्रार संजय मिश्रा के साथ भी दुर्व्यवहार किया और उनके मुंह पर सिगरेट का धुआं छोड़ा। इस पूरी घटना के दौरान, पुलिस ने संयम बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन आदित्य विक्रम सिंह के आक्रामक व्यवहार ने स्थिति को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया।

 

घटना के बाद पुलिस ने आदित्य विक्रम सिंह और उनके ड्राइवर ऊधम सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 132, 121(1) और अन्य प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस मामले की पूरी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 



Related