रक्षा संपदा विभाग का ये कैसा न्याय! सैन्य जमीन पर शंकर महादेव बेकरी का निर्माण जारी और गरीबों पर कड़ी कार्रवाई


कार्रवाई के दौरान पहुंचे कांग्रेस से भाजपा में आए नेता अंतर सिंह दरबार, कहा जल्द सुलझेगा छावनी का मामला


अरूण सोलंकी अरूण सोलंकी
इन्दौर Updated On :

महू के छावनी क्षेत्र में रक्षा संपदा विभाग की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण और उनमें चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई एक बार फिर असफल साबित हुई। एक जगह बिना नोटिस दिए कार्रवाई कर दी गई, तो दूसरी जगह राजनीतिक दबावों के चलते कार्रवाई बीच में ही रोक दी गई।

दो दिन पूर्व, रक्षा संपदा विभाग ने चेतावनी नोटिस जारी किया था कि उनके बंगला बगीचों में व्यावसायिक गतिविधियां नहीं की जाएं, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। लेकिन हकीकत यह है कि रक्षा संपदा विभाग का एक भी ऐसा बंगला बगीचा नहीं है जहां व्यावसायिक गतिविधियां नहीं चल रही हों। कुछ वर्ष पूर्व भी रक्षा संपदा विभाग ने ऐसे प्रतिष्ठानों पर लाल चिन्ह लगाकर व्यावसायिक गतिविधियां करने से मना कर दिया था। करीब एक सप्ताह तक सभी व्यवसाय बंद रहे, यहां तक कि मैरिज गार्डन को भी पूरी तरह बंद कर दिया गया था। लेकिन बाद में बिना किसी कारण के उन्हें वापस शुरू करने दिया गया, जो आज भी चल रहा है।

शंकर महादेव बेकरी पर रक्षा संपदा विभाग की टीम

इसके बाद से लोगों में यह राय बन गई थी कि रक्षा संपदा विभाग सिर्फ नोटिस जारी करता है, कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता। इसका उदाहरण एक बार फिर गुरुवार को शहर में देखने को मिला।

दो दिन पूर्व, रक्षा संपदा विभाग द्वारा एक नोटिस जारी कर कहा गया था कि उनके अधीनस्थ बंगला बगीचों में जो भी व्यावसायिक गतिविधियां चल रही हैं, उन्हें तत्काल बंद कर दिया जाए। लेकिन उसका कोई असर होता नजर नहीं आया। गुरुवार को रक्षा संपदा विभाग ने चना गोदाम स्थित दो चाय की छोटी गुमटियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तोड़ दिया। इसके बाद रक्षा संपदा विभाग का अगला हमला महेश्वरी विद्यालय के पास रक्षा संपदा विभाग की जमीन पर बने आलीशान शंकर महादेव बेकरी शोरूम पर था।

रक्षा संपदा विभाग ने शहर में दो चाय की गुमटियां (दुकानें) हटाई

यहां पर रक्षा संपदा विभाग द्वारा बोर्ड भी लगाया गया है कि यह क्षेत्र सर्वे क्रमांक 124 है, जिस पर निर्माण नहीं किया जा सकता है। लेकिन निर्माणकर्ता ने उस बोर्ड को हटाकर एक आलीशान बेकरी शोरूम बना दिया। यही नहीं, ऊपर छोटी मोटी पार्टी के लिए भी रूम तैयार किए जा रहे थे। विभाग ने ऊपर का रूम, जो प्रथम मंजिल पर बन रहा था, उसे तो तोड़ दिया। लेकिन कभी कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे और वर्तमान में भाजपा के नेता बने अंतर सिंह दरबार के तत्काल मौके पर पहुंचने के बाद कार्रवाई रुकवा दी गई। दरबार ने अधिकारी से बात की, इसके बाद कार्रवाई बिना कोई ठोस परिणाम के वापस चली गई। अंतर सिंह दरबार ने अधिकारियों को कहा कि महू का सिविल एरिया का मामला बहुत जल्द निपटने वाला है, इसलिए कार्रवाई न की जाए। उन्होंने कहा कि शहर में वैसे ही बेरोजगारी की समस्या है और जो निर्माण कर रहे हैं, उन्हें भी निर्माण न करने की हिदायत दी।

सवाल यह है कि इस कार्रवाई के पूर्व जब चना गोदाम में कार्रवाई की जा रही थी, तो वहां गरीब तबके के लोग थे, उन्हें पूर्व में कोई नोटिस भी नहीं दिया गया था। चर्चा यह है कि चार दिन पूर्व इस क्षेत्र में एक सैन्य अधिकारी की कार पर किसी ने पत्थर फेंक दिया था, जिसकी शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। उस समय कोई भी मैदान में नहीं आया। जबकि शंकर महादेव बेकरी के लिए शहर के कई प्रबुद्ध जन और राजनीतिक नेता भी सामने आ गए।

शंकर महादेव बेकरी की दूसरी मंजिल पर पार्टी हाल बनाया गया है। नीचे कार्रवाई रोकने के लिए जुटे नेता और युवक हैं।

इसके अलावा, रक्षा संपदा विभाग के अन्य बंगला बगीचों में भी बड़े-बड़े प्रतिष्ठान संचालित हो रहे हैं, उन्हें रोकने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस संबंध में रक्षा संपदा कार्यालय से कुछ भी कहने से मना कर दिया गया।



Related