
धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र में स्थित कंचन हॉस्पिटल, राजगढ़ में इलाज के दौरान हुई 13 वर्षीय बच्ची की मौत के मामले में तीन डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया था, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच कर पुलिस को प्रतिवेदन सौंपा। पुलिस ने डॉ. अभय तांतेड़, डॉ. दीपक तिवारी और अस्पताल संचालक डॉ. सुमित जैन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
राजगढ़ थाना क्षेत्र के लाल दरवाजा चौक निवासी तन्वी जायसवाल (13) को मामूली बुखार होने पर 19 अक्टूबर को कंचन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने लापरवाहीपूर्वक इलाज किया, जिससे बच्ची की हालत बिगड़ गई और 20 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई।
बच्ची के पिता आशीष जायसवाल ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी पूरी तरह स्वस्थ थी और सिर्फ बुखार होने पर उसे भर्ती किया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने गलत इलाज कर उसकी जान खतरे में डाल दी। परिजनों ने मामले की शिकायत पहले स्वास्थ्य विभाग से की थी।
स्वास्थ्य विभाग की जांच में सामने आईं ये लापरवाहियां
स्वास्थ्य विभाग की तीन महीने की जांच के बाद पाया गया कि—
1. डॉ. अभय तांतेड़ (BAMS – आयुर्वेदाचार्य) होते हुए भी एलोपैथिक इलाज कर रहे थे।
2. डॉ. दीपक तिवारी प्रशिक्षु (इंटर्न) डॉक्टर होते हुए भी इलाज कर रहे थे।
3. बच्ची के इलाज के दौरान कोई पैथोलॉजिकल या बायोलॉजिकल जांच नहीं की गई।
4. बच्ची को डायक्लोफेनेक, टैक्सीम, पेंटॉपrazole, ओन्डेम और आरएल बोतल दी गई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।
5. अस्पताल संचालक डॉ. सुमित जैन ने एक प्रशिक्षु डॉक्टर को इलाज करने की अनुमति दी।
पहले भी विवादों में रहा है अस्पताल
कंचन हॉस्पिटल पहले भी विवादों में रह चुका है। कुछ महीने पहले राजस्थान के एक परिवार ने अस्पताल पर नवजात के गलत इलाज का आरोप लगाया था और इसकी शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंची थी। हालांकि, बाद में शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत वापस ले ली थी, जिससे जांच आगे नहीं बढ़ पाई।
बता दें कि डॉ. सुमित जैन के पिता डॉ. एम.एल. जैन वरिष्ठ चिकित्सक रहे हैं और हाल ही में सरकारी सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली है। अब वे खुद अस्पताल की जिम्मेदारी संभालने वाले हैं।
राजगढ़ थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया,
स्वास्थ्य विभाग से प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद तीन डॉक्टरों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जल्द होगी।