पीथमपुर में अवैध कॉलोनाइजरों पर कड़ी कार्रवाई: 40 से अधिक पर दर्ज हुए मामले


धार जिले के पीथमपुर में प्रशासन ने अवैध कॉलोनाइजरों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। आरोप है कि इन कॉलोनाइजरों ने कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनियों का निर्माण कर हजारों लोगों को प्लॉट बेच दिए। जिले में अभी भी कई अवैध कॉलोनियां संचालित हो रही हैं, जिन पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Updated On :

जिले में अवैध कॉलोनियों का निर्माण थमने का नाम नहीं ले रहा है। पीथमपुर क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध कॉलोनाइजरों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। धार कलेक्टर द्वारा दिए गए आदेश के बाद नगर पालिका सीएमओ की पहल पर यह कार्रवाई की गई।

 

नगरपालिका के सब इंजीनियर सुधीर ठाकुर के लिखित आवेदन पर पीथमपुर के बगदून, सेक्टर वन, और सागौर पुलिस थानों में यह मामले दर्ज किए गए। आरोप है कि इन कॉलोनाइजरों ने कृषि भूमि पर नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध कॉलोनियों का निर्माण किया और हजारों लोगों को प्लॉट बेच दिए। इनमें से कई लोग अब इन कॉलोनियों में मकान बनाकर रहने लगे हैं, लेकिन यहां पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।

 

अवैध कॉलोनियों का बढ़ता खतरा

 

जिले में अवैध कॉलोनियों का निर्माण तेजी से हो रहा है। वर्तमान में 500 से अधिक कॉलोनियां अवैध रूप से संचालित हो रही हैं। इनमें से 100 कॉलोनियां पूर्ण रूप से विकसित हैं, जबकि शेष 400 कॉलोनियों में अभी भी विकास कार्य अधूरे हैं। कॉलोनाइजरों द्वारा खरीदारों को बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में उन्हें सिर्फ निराशा हाथ लगती है।

 

किसानों की जमीनों पर हो रहा अवैध निर्माण

 

पीथमपुर क्षेत्र में खेतों पर सीमेंट-कंक्रीट की सड़कों का निर्माण कर अवैध प्लॉट बेचे जा रहे हैं। नियमों को ताक पर रखकर ये कॉलोनाइजर अपनी मनमानी कर रहे हैं। जिले में हर दिन नए अवैध कॉलोनियों का निर्माण हो रहा है, जिससे हजारों लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। समय रहते इन पर कार्रवाई नहीं हुई, तो और भी कई लोग इसके शिकार हो सकते हैं।

 

इन पर दर्ज हुआ केस

 

– नूतन नगर कॉलोनी के मुकेश (वार्ड क्रमांक 5)

– सत्य साई नगर कॉलोनी के मोहम्मद यूनुस और मुख्तियार (वार्ड क्रमांक 5)

– अग्रवाल कॉलोनी के शैलेन्द्र अग्रवाल (वार्ड क्रमांक 6)

– शांति नगर कॉलोनी के शैलेन्द्र अग्रवाल (वार्ड क्रमांक 6)

– कैलाश कॉलोनी पीथमपुर के लक्ष्मीनारायण, कैलाशचन्द, रतनसिंह, और अन्य (वार्ड क्रमांक 15)

– देवश्री कॉलोनी पीथमपुर के निर्भयसिंह, बापूसिंह, और अन्य (वार्ड क्रमांक 15)

– वृन्दावन कॉलोनी पीथमपुर के कैलाशचन्द, रतनसिंह, और अन्य (वार्ड क्रमांक 15)

– बजरंग कॉलोनी पीथमपुर के तुरखिया बिल्डर्स और अन्य (वार्ड क्रमांक 16)

– मुन्नी नगर कॉलोनी पीथमपुर की मुन्नी बाई रघुवंशी (वार्ड क्रमांक 18)

– रामचंद्र नगर कॉलोनी पीथमपुर के रामचंद्र लालजी खाती (वार्ड क्रमांक 18)

– मदन कॉलोनी अकोलिया के मदन सिंह रघुवंशी (वार्ड क्रमांक 18)

 

यह कार्रवाई जिला प्रशासन के सख्त रुख का परिणाम है, लेकिन जिलेभर में अब भी कई अवैध कॉलोनियां संचालित हो रही हैं, जिन पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।



Related