“शक्ति अभिनंदन अभियान” के समापन पर धार में आयोजित हुआ शक्ति संवाद कार्यक्रम


धार में “शक्ति अभिनंदन अभियान” के समापन पर आयोजित शक्ति संवाद कार्यक्रम में मंत्री सावित्री ठाकुर ने महिलाओं को सशक्त बनाने और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सिकल सेल एनीमिया जैसी स्वास्थ्य चुनौतियों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बालिकाओं को पासबुक वितरित की गई और “वन स्टॉप सेंटर (सखी)” सेवा का शुभारंभ किया गया, जो 24 घंटे महिलाओं को कानूनी, स्वास्थ्य और अन्य सहायता प्रदान करेगी।


आशीष यादव
धार Updated On :

“शक्ति अभिनंदन अभियान” के समापन के अवसर पर आयोजित शक्ति संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि आज की महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। चाहे वह देश की रक्षा हो या खेल का मैदान, महिलाएं हर जगह खुद को साबित कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों को सशक्त बनाएं और उन्हें समाज में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करें।

 

कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें लाड़ली लक्ष्मी योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, और लाड़ली बहना जैसी योजनाएं शामिल हैं। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और उनके लिए सुरक्षा बीमा जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि धार जिले में सिकल सेल एनीमिया की समस्या भी एक बड़ी चुनौती है, और इसके निदान के लिए सरकारी और सामाजिक संगठनों को मिलकर काम करना चाहिए।

विधायक नीना वर्मा ने भी महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे घर और कार्यक्षेत्र दोनों को सफलतापूर्वक संभाल रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव आया है और लोग अब कन्याओं को जन्म देकर गर्व से अपना रहे हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत 21 बालिकाओं का पूजन कर पासबुक का वितरण किया गया। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं के लिए भविष्य में उच्च शिक्षा और विवाह के लिए आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। इस योजना के तहत 10 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के नाम पर खाता खोला जा सकता है, जिसमें 15 वर्षों तक निवेश किया जा सकता है, और इसकी परिपक्वता अवधि 21 वर्ष है।

 

कार्यक्रम के पहले “वन स्टॉप सेंटर (सखी)” सेवा का शुभारंभ किया गया, जो 24 घंटे महिलाओं को सहायता प्रदान करेगा। इस केंद्र में घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, दहेज उत्पीड़न, और अन्य मुद्दों पर सहायता मिल सकेगी, जिसमें कानूनी, स्वास्थ्य और परामर्श सेवाएं शामिल हैं।

 


Related





Exit mobile version