कपड़ा फैक्ट्री में धरनाः कर्मचारियों ने पंखे और ऐसी बंद होने पर जताई नाराजगी, 10 जून से करेंगे आंदोलन


कर्मचारी व महिलाओं ने फैक्ट्री के अंदर भीषण गर्मी से बचाव के लिए पंखे नहीं होने व ऐसी बंद होने की शिकायत करते हुए हंगामा कर दिया।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :

धार शहर के पश्चिम क्षेत्र में स्थापित कपड़ा फैक्ट्री में आज कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर हंगामा कर दिया। काफी देर तक हंगामा होता रहा। इसके बाद अधिकारियों की ओर से समझाइश देने पर कर्मचारी माने व फैक्ट्री में काम शुरू किया। किंतु अब कर्मचारी यूनियन 10 जून को आंदोलन करने जा रही है। जिसमें 9 सूत्रीय मांगों को लेकर यह आंदोलन होना बताया जा रहा है।

यहां ग्राम छायन में स्थापित न्यू झील फैशन वेयर फैक्ट्री में आज कुछ कर्मचारी व महिलाओं ने फैक्ट्री के अंदर भीषण गर्मी से बचाव के लिए पंखे नहीं होने व ऐसी बंद होने की शिकायत करते हुए हंगामा कर दिया। कर्मचारी गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए। करीब आधे घंटे तक हंगामा जारी रहा। बाद में अधिकारियों की ओर से चर्चा करने के बाद कर्मचारी काम पर लौटे।

साथ ही बताया गया है कि कर्मचारी जिस स्थान पर काम करते हैं वहां के ऐसी बंद पड़े हुए हैं व पंख लगे हुए नहीं है। इस कारण कर्मचारियों को भीषण गर्मी में काम करना पड़ता है। फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारियों ने बताया कि कर्मचारी यूनियन ने अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन करने का निर्णय लिया है। 10 जून को आंदोलन होगा।

      यह है प्रमुख मांगे

  •  कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों को 12 हजार रुपए देने का बोला जाता है, किन्तु सेलरी 9 हजार 600 दी जा रही है।
  •  कंपनी 1 अप्रैल से श्रमिक विभाग की ओर से बढ़ाया गया 25% भत्ता भी नहीं दे रही हैं।
  •  कंपनी में महिला ऑपरेटरों के साथ पुरुष सुपरवाईजरो की ओर सेदुर्व्यवहार किया जाता हैं। जबकि महिला ऑपरेटरों की लाइन मे महिला सुपरवाइज़र होनी चाहिए।
  •  कंपनी में हेल्परो को भी ओजीटी में रखकर उन पर भी दबाव बनाकर कार्य करवाया जाता हैं।
  •  कंपनी की ओर से संचालित बसों में ओवर लोडिंग सवारी बैठाकर लाया जाता हैं। इससे हादसे का डर है।
  •  कंपनी में अगर किसी को अति आवश्यक कार्य भी आ जाए तो छुट्टी नहीं दी जाती हैं और बाहर निकालने की धमकी दी जाती है।
  •  टॉयलेट में पंचिंग लगा दी गई। इस कारण शौचालय का उपयोग कर्मचारी नहीं कर पा रहे।

साथ ही अन्य प्रमुख मांगों को लेकर कर्मचारी यूनियन के तत्वावधान में 10 जून को सुबह 8 बजे से कर्मचारी आंदोलन करेंगे। इस संबंध में कंपनी की आफिसर नलिनी जैन से कर्मचारियों की ओर से दिए गए धरने पर चर्चा की तो उन्होंने कहा कि धरने की बात गलत है। ऐसा कुछ नहीं हुआ है। कर्मचारियों के साथ कोई भेदभाव नहीं हुआ।



Related