लाडली बहना योजना: रक्षाबंधन पर 1500 रुपए का उपहार, पर कुछ बहनों के खातों में अब भी इंतजार


रक्षाबंधन पर लाडली बहना योजना के तहत 1500 रुपए दिए जा रहे हैं, लेकिन कई महिलाओं के खातों में अब भी राशि नहीं पहुंची, जिससे उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Updated On :

रक्षाबंधन के अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार ने लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को विशेष उपहार प्रदान करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को इस महीने 1500 रुपए की सहायता दी जाएगी। यह योजना पिछले साल शुरू हुई थी, जिसमें महिलाओं को पहले 1000 रुपए दिए जाते थे, जो अब बढ़ाकर 1250 रुपए कर दिए गए हैं। इसके अलावा, रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में 250 रुपए अतिरिक्त दिए जा रहे हैं, जिससे इस महीने महिलाओं के खातों में कुल 1500 रुपए जमा किए जाएंगे।

हालांकि, इस योजना के तहत 1 अगस्त को मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से 250 रुपए की राशि जारी की गई थी, लेकिन अब तक कई महिलाओं के खातों में यह राशि नहीं पहुंच पाई है। महिलाओं को हर महीने की 5 से 10 तारीख के बीच यह राशि मिलती थी, लेकिन इस बार उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है। रक्षाबंधन 19 अगस्त को है, और सरकार ने वादा किया है कि इससे पहले महिलाओं के खाते में पूरी राशि जमा कर दी जाएगी। हालांकि, कुछ महिलाएं अब भी बैंक और कियोस्क सेंटरों के चक्कर काट रही हैं, क्योंकि उनके खातों में पैसे नहीं पहुंचे हैं।

 

जिले में लगभग 2 लाख 91 हजार महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है, लेकिन कुछ के खाते में अब तक पैसे नहीं पहुंचे हैं। खासकर, 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को इस योजना से बाहर कर दिया गया है। इस वजह से कई महिलाओं को अब इस योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। वहीं, 21 साल की आयु पार करने वाली नई महिलाओं के नाम जोड़ने को लेकर अब तक कोई निर्देश जारी नहीं हुए हैं।

 

महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी सुभाष जैन ने बताया कि सरकार ने इस महीने 1500 रुपए की राशि जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग इस मामले पर नजर रखे हुए है और महिलाओं के खातों में जल्द ही पूरी राशि जमा हो जाएगी।



Related