पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध फायर आर्म्स निर्माता और तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार


धार पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गंधवानी क्षेत्र में छापा मारकर अवैध फायर आर्म्स निर्माता और तस्कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1 पिस्टल, 1 अधबनी पिस्टल, 8 अवैध कट्टे और 90 हजार रुपये के हथियार निर्माण उपकरण बरामद किए। आरोपियों पर विभिन्न राज्यों में मामले दर्ज हैं, और उन्हें कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :

धार जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने गंधवानी थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध फायर आर्म्स निर्माता और तस्कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1 देशी पिस्टल, 1 अधबनी पिस्टल, 8 नग 12 बोर के अवैध कट्टे और 90 हजार रुपये मूल्य का हथियार निर्माण उपकरण बरामद किया है।

 

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल और गंधवानी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से ग्राम बारिया में छापा मारा। इस कार्रवाई में संगत सिंह सिकलीगर और सुरजीत सिंह सिकलीगर नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी लंबे समय से अवैध हथियारों का निर्माण कर रहे थे और विभिन्न राज्यों में तस्करी कर रहे थे।

 

आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामले

गिरफ्तार आरोपी संगत सिंह सिकलीगर पर राजस्थान के चुरु जिले में तीन और धार जिले के गंधवानी थाने में एक मामला दर्ज है। वहीं, सुरजीत सिंह पर बुरहानपुर के खकनार थाने में एक मामला दर्ज है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे अवैध हथियार बनाकर आसपास के इलाकों में बेचते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम बारिया के खेल मैदान से 8 अवैध कट्टे भी बरामद किए हैं।

 

कड़ी सजा का प्रावधान

अवैध फायर आर्म्स निर्माण और तस्करी के इस संगठित अपराध के तहत दोनों आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 111 (4) भी लगाई गई है, जिसमें 10 साल की सजा का प्रावधान है।

 

धार पुलिस की इस सफल कार्रवाई की सराहना पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण) अनुराग और पुलिस उप महानिरीक्षक (ग्रामीण) निमिष अग्रवाल ने की है। इस कार्रवाई में गंधवानी थाना प्रभारी कैलाश बारिया और उनकी टीम का अहम योगदान रहा।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

1. संगत सिंह पिता सुरेंद्र सिंह सिकलीगर, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम बारिया, थाना गंधवानी, जिला धार।

2. सुरजीत सिंह पिता अजीत सिंह सिकलीगर, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पचोरी, थाना खकनार, जिला बुरहानपुर।

 

आरोपियों ने अवैध हथियार बनाने की बात कबूल की और बताया कि सुरजीत, संगत सिंह का साला है, जिसे उसने बुरहानपुर से बुलाया था।



Related