केदारनाथ यात्रा में भूस्खलन: धार के तीन सगे भाई-बहन की मौत, एक घायल


केदारनाथ यात्रा में भूस्खलन के कारण धार जिले के तीन सगे भाई-बहन की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है।


DeshGaon
धार Published On :

उत्तराखंड के केदारनाथ यात्रा के दौरान हुए भूस्खलन हादसे में धार जिले के तीन भाई-बहन की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य घायल है जिसे गुप्तकाशी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में गोपाल, दुर्गा बाई, और समन बाई शामिल हैं, जो सभी सरदारपुर के निवासी थे। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल निपावली के छगनलाल को उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह हादसा सोमवार रात हुआ, जब दर्शन के बाद लौट रहे यात्रियों पर अचानक पहाड़ गिर गया। सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच हुए लेंड स्लाइड में पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए। मृतकों में धार जिले के गोपाल, दुर्गा बाई, और समन बाई शामिल हैं। घायल छगनलाल निपावली का निवासी है।

25 अगस्त को धार जिले के गोपाल अपनी पत्नी और दोनों बहनों के साथ केदारनाथ यात्रा पर गए थे। यात्रा के दौरान गोपाल ने अपनी पत्नी और बहनों के साथ केदारनाथ के दर्शन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। यात्रा के बाद लौटते समय यह हादसा हुआ।

 

आर्थिक सहायता की घोषणा

धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने रेडक्रॉस के माध्यम से मृतकों के परिवारजनों के लिए 50-50 हजार रुपये की राशि की स्वीकृति दी है। साथ ही, घायल छगनलाल के उपचार के लिए भी 50 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही रुद्रप्रयाग आपदा कंट्रोल रूम को सूचित किया गया। स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

 

धार जिले से केदारनाथ दर्शन के लिए गए 40 लोगों में झींझोटा गांव से पांच और निपावली से दो लोग शामिल थे। झींझोटा के तोलाराम धाकड़ ने बताया कि छगनलाल और उसकी पत्नी के साथ एक बड़ी पत्थर गिरने से छगनलाल की पत्नी दुर्गा बाई घायल हो गई और उसका कुछ पता नहीं चला।

इस हादसे ने यात्रा पर निकले परिवारों को गहरा दुख पहुंचाया है और स्थानीय समुदाय में शोक का माहौल है।



Related