करवा चौथ की तैयारी में गुलज़ार हैं शहर के बाज़ार, महिलाओं ने अपनाए हैं ये नए तौर-तरीके


त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है, और बाजारों में रौनक छाने लगी है।  ज्वेलरी से लेकर कपड़े और मेकअप सामग्री की बिक्री तेज़ हो रही है। करवा चौथ मनाने को लेकर महिलाओं में उत्साह है। 


आशीष यादव
धार Updated On :
करवा चौथ 2024 की खरीदारी की तैयारी
करवा चौथ 2024 की खरीदारी की तैयारी Deshgaon.com


नवरात्र और दशहरा के त्योहार गुजर चुके हैं और अब मौका करवा चौथ का है। अक्टूबर माह में महिलाओं की आस्था का यह सबसे बड़ा पर्व माना जाता है।  इस दिन पति की लंबी उम्र और तरक्की के लिए महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं, जिसका पारण चंद्रमा के दर्शन के बाद होता है।

धार के रहने वाले जाने माने ज्योतिष जानकार पंडित अशोक शास्त्री के अनुसार, इस वर्ष करवा चौथ कार्तिक मास की चतुर्थी 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा।

खास योग का निर्माण

इस दिन कृतिका नक्षत्र और व्यतीपात योग बन रहा है। साथ ही विष्टि, बव और बालव करण, शश, गजकेसरी योग, समसप्तक, बुधादित्य और महालक्ष्मी जैसे राजयोग रहेंगे। इस दिन चंद्रमा वृषभ राशि में रहेगा। इस दौरान राहुकाल शाम 4:20 से 5:45 बजे तक रहेगा, जबकि अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:43 से 12:28 बजे तक होगा। इस बार इस पर्व की तैयारी के लिए बाजार एक सप्ताह पहले ही सजने लगे हैं।

 खरीदारी जोरों पर

बाजारों में रौनक पूरी तरह छा चुकी है। शहर के एमजी रोड, हटवाया, राजवाड़ा, पिपली बाजार और अन्य जगहों पर कपड़े व ज्वैलरी की दुकानों में नई-नई वैरायटी सजी हुई है। ज्वेलरी से लेकर कपड़े और मेकअप सामग्री की बिक्री में तेजी आई है। महिलाएं खरीदारियों के लिए बाजारों में जुटने लगी हैं। कपड़ा व्यापारी बताते हैं कि इस बार बाजार में बनारसी, गुजराती और लुधियाना की साड़ियों की विशेष डिमांड है। रंगों में लाल, मैहरून, नीला, हरा, पीला और नारंगी प्रमुख हैं। ज्यादातर साड़ियां हैवी पल्लू वाली चल रही हैं। बाजार में 500 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक की साड़ियां उपलब्ध हैं। नवविवाहित महिलाएं साड़ियों के अलावा लहंगे भी खरीद रही हैं।

 

पूजा सामग्री में बदलाव

बर्तन व्यापारी बताते हैं कि इस सपत्नीक व्रत में उपयोग होने वाली पूजा सामग्री में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। पहले महिलाएं स्टील की थाली और मिट्टी का करवा इस्तेमाल करती थीं, लेकिन अब डिज़ाइनर थालियां और करवे बाजार में उपलब्ध हैं। कुछ महिलाएं थाली पर अपने पति के साथ वाली फोटो भी बनवा रही हैं या उन्हें शानदार तरीके से डिजाइन करवा रही हैं।

 

मेहंदी और ब्यूटी पार्लर में एडवांस बुकिंग

शहर की एक ब्यूटी पार्लर की संचालिका बताती हैं कि बीस अक्टूबर रविवार को व्रत के चलते पार्लरों में काफी भीड़ रहेगी। मेहंदी लगाने के लिए भी महिलाओं ने एडवांस में बुकिंग करवा ली है। ईशा ब्यूटी पार्लर की संचालिका रानी यादव ने बताया कि इस खास दिन के लिए मेकअप और हेयर स्ट्रेटनिंग की बुकिंग भी पहले से हो रही हैं। शुक्रवार से ही महिलाएं पार्लर आने लगी हैं।

 

करवा चौथ की धार्मिक मान्यता

पंडित अशोक शास्त्री बताते हैं कि इस त्योहार पर छलनी से पति को देखने की परंपरा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि छलनी में बने कई छेदों से चांद देखने पर जितने छेद दिखाई देते हैं, उतनी ही पति की उम्र बढ़ती है। यही कारण है कि इस व्रत को रखते हुए पति की दीर्घायु की कामना के साथ इस व्रत का समापन छलनी से चांद और पति को देखने के बाद ही होता है।

 

बाजारों में रौनक और उत्साह

इस मौके पर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। मुख्य बाजारों के साथ अन्य स्थानों पर रंग-बिरंगी छलनियों, करवे और सजावट के सामान की दुकानें सज गई हैं। आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कपड़े और चूड़ियों की दुकानों पर भी नई वैरायटी सजाई गई है। दुकानदारों को त्योहारी सीजन में बेहतर कारोबार की उम्मीद है, और महिलाओं में खरीदारी को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। ऐसे में व्यापारियों को इस बार अच्छी खरीदारी होने की उम्मीद है।

 


Related





Exit mobile version