धार में निःशुल्क सोनोग्राफी: निजी सेंटरों से अब हर गर्भवती को राहत


जिले में 21 जगहों पर ये सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें से 3 सेंटर चालू हो चुके हैं


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :

धार जिले में गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी की निःशुल्क सुविधा शुरू हो गई है। जिला अस्पताल में पिछले दो साल से रेडियोलॉजिस्ट का पद खाली होने के कारण, अस्पताल में सोनोग्राफी सेवाएँ बंद थीं। अब यह सुविधा निजी केंद्रों पर दी जा रही है। जिले में 21 जगहों पर ये सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें से 3 सेंटर चालू हो चुके हैं। धार, धरमपुरी, सरदारपुर, बदनावर, पीथमपुर, सादलपुर, और मनावर में ये सेंटर स्थापित किए गए हैं।

 

गर्भवती महिलाओं को सबसे पहले जिला अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ के पास जाना होगा, जहाँ उनके मोबाइल में ई-रूपी ऐप डाउनलोड किया जाएगा। ऐप के जरिए उन्हें टोकन मिलेगा, जिसके बाद वे निजी सेंटर पर जाकर सोनोग्राफी करा सकेंगी। इस प्रक्रिया में ओटीपी जनरेट करके सोनोग्राफी की जाएगी। पूरे गर्भावस्था के दौरान, दो बार यह सुविधा निःशुल्क दी जाएगी।

 

जिला अस्पताल में सामान्य सोनोग्राफी सेवाएँ अभी भी बंद हैं, जिसके चलते आम मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें निजी सेंटरों का सहारा लेना पड़ता है। रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण यह समस्या बनी हुई है, हालांकि अस्पताल प्रबंधन इस पर काम कर रहा है।

 

प्रदेशभर में रेडियोलॉजिस्ट के पदों की कमी के चलते यह फैसला लिया गया है कि निजी एजेंसियों के जरिए सोनोग्राफी सेवाएँ प्रदान की जाएं। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत इस योजना को लागू किया जा रहा है, जिससे गर्भवती महिलाओं को अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी।

 

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन जितेंद्र चौधरी ने बताया कि प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और धार के तीन सेंटरों में सेवाएँ चालू हो गई हैं। यह व्यवस्था अब जिले के विभिन्न हिस्सों में लागू हो जाएगी, जिससे गर्भवती महिलाओं को पूरे महीने निःशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा मिल सकेगी।



Related