भाजपा की ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर जिला बैठक संपन्न


तिरंगा यात्रा और अभियान को जन-जन का अभियान बनाना है: भाजपा प्रदेश मंत्री जयदीप सिंह पटेल


DeshGaon
धार Published On :

भारतीय जनता पार्टी के धार जिला कार्यालय में गुरुवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और रक्षा बंधन पर्व की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण कामकाजी बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री जयदीप सिंह पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सोमानी, जिला उपाध्यक्ष विश्वास पांडे, और सौरभ शर्मा ने आगामी अभियानों के संबंध में कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया।

 

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री प्रकाश धाकड़, और पूर्व विधायक बलवंत मंडलोई भी उपस्थित रहे। बैठक में अभियानों की कार्य योजना और समाज के सभी वर्गों को अभियान से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री जयदीप सिंह पटेल ने कार्यकर्ताओं को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को हर बूथ पर सुना जाना चाहिए और अभियान को जन-जन का अभियान बनाने के लिए पार्टी का आईटी और सोशल मीडिया विभाग व्यापक प्रचार-प्रसार करे।

 

11 से 15 अगस्त तक चलने वाले ‘तिरंगा यात्रा’, ‘हर घर तिरंगा’ और ‘विभाजन विभीषिका’ अभियानों के लिए सोशल मीडिया पर प्रभावी कार्य योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही, सेवा बस्ती में रक्षा बंधन के कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को भाजपा की महिला सशक्तिकरण योजनाओं के बारे में जानकारी देने पर भी जोर दिया गया।

 

भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सोमानी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से भाजपा देश और तिरंगे के प्रति सम्मान का भाव जन-जन में जागृत कर रही है। सभी कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे अपने घरों और आस-पास के लोगों को इस अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित करें और तिरंगे के साथ वीडियो और सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करें।

 

भाजपा जिला उपाध्यक्ष विश्वास पांडे ने कहा कि संगठन ने निर्णय लिया है कि रक्षा बंधन पर्व के अवसर पर कार्यकर्ता सेवा बस्ती में जाकर लाड़ली बहनों के बीच इसे मनाएंगे और उन्हें भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के महिला सशक्तिकरण के लिए रक्षा बंधन पर लाड़ली बहनों को 250 रुपए और 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने के निर्णय को सराहा और इसे स्वागत योग्य बताया।इस बैठक की जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने दी।



Related