सुनियोजित तरीके से होगा धरमपुरी भेंट संस्थान का संरक्षण और सौंदर्यीकरणः कमिश्नर दीपक सिंह


धरमपुरी भेंट संस्थान के विकास के लिए धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर और कमिश्नर दीपक सिंह की बैठक हुई। इस बैठक में धार, बड़वानी और खरगोन के कलेक्टर वर्चुअली जुड़े।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :

धरमपुरी भेंट संस्थान का संरक्षण और सौंदर्यीकरण सुनियोजित तरीके से किया जाएगा। इस पौराणिक स्थल की प्राचीनता को बनाए रखते हुए भविष्य की योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए एक विस्तृत योजना बनाई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर धरमपुरी भेंट संस्थान के विकास का प्लान तैयार किया गया है। इंदौर संभाग के आयुक्त दीपक सिंह ने विधायक कालू सिंह ठाकुर और वर्चुअली जुड़े अधिकारियों से इस मुद्दे पर चर्चा की। कमिश्नर दीपक सिंह ने कहा कि धरमपुरी भेंट संस्थान की पौराणिकता और सुंदरता दोनों को ध्यान में रखते हुए, इसे सिंहस्थ 2028 से पहले तैयार कर लिया जाएगा। विधायक कालू सिंह ठाकुर ने संभाग आयुक्त को संरक्षण और सौंदर्यीकरण की योजना की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस विषय को तत्काल आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इंदौर संभाग आयुक्त कार्यालय में इस पर एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयुक्त और विधायक के साथ धार, बड़वानी और खरगोन के कलेक्टर शामिल हुए। पहले मध्य प्रदेश पर्यटन राज्य विकास निगम द्वारा एक योजना तैयार की गई थी, लेकिन अब हाउसिंग बोर्ड द्वारा तैयार की गई योजना को प्राथमिकता दी गई है।

कटाव को रोकने की तैयारी:

कमिश्नर दीपक सिंह ने कहा कि हम कटाव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर उसे रोकने का प्रयास करेंगे। इसके साथ ही संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक राशि और बजट की व्यवस्था की जा रही है। कमिश्नर ने धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा से इस विषय पर चर्चा की और जानकारी प्राप्त की। विधायक और आयुक्त के साथ जुड़े अधिकारियों ने प्रोजेक्टर के माध्यम से पूरी योजना को समझा और जानकारी प्राप्त की।

हाउसिंग बोर्ड ने प्रस्तुत की कार्य योजना:

धरमपुरी भेंट संस्थान के लिए कमिश्नर के निर्देश पर हाउसिंग बोर्ड, मध्य प्रदेश के अधिकारियों ने एक विस्तृत विकास योजना तैयार की। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच इस योजना को बड़े प्रोजेक्टर पर बारीकी से समझाया गया, जिसे सभी ने पसंद किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड द्वारा भेंट संस्थान के विकास का कार्य किया जाएगा। योजना और बजट की स्वीकृति लगभग 7 करोड़ रुपये के लिए होने की संभावना है।

जल्द शुरू होगा काम – विधायक ठाकुर:

विधायक ठाकुर ने बताया कि धरमपुरी भेंट संस्थान के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का काम जल्द ही शुरू होगा। सभी तैयारियां पूरी हैं, केवल औपचारिकताएं बाकी हैं। इस योजना में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को जोड़ा गया है, जैसे परिसर में शॉपिंग कॉम्पलेक्स, कैंटीन और गौशाला का निर्माण। इसके साथ ही धरमपुरी विधानसभा के पौराणिक और दार्शनिक स्थलों के विकास पर भी कमिश्नर दीपक सिंह से सार्थक चर्चा की गई। प्रतिनिधि मंडल में डॉ. नरसिंह दास महाराज, महेंद्र महाजन, कमलेश जायसवाल, सुधांशु तिवारी, अमित कुमारावत, अखिलेश, जगताप, लाल सोनी और अशोक वर्मा शामिल थे।



Related