अवैध डामर और अन्य मामलों में आरोपी चंदरसिंह दांगी गिरफ्तार, 25 से अधिक केस दर्ज


अमझेरा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे और 25 से अधिक मामलों में आरोपी चंदरसिंह दांगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अवैध डामर और गैस के अवैध कारोबार में लिप्त चंदरसिंह के खिलाफ अमझेरा और जिले के अन्य थानों में कई केस दर्ज हैं।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :
आऱोपी चंदर सिंह दांगी


धार जिले के अमझेरा थाना पुलिस ने जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने वाले और लंबे समय से फरार चल रहे यशवंत उर्फ चंदरसिंह दांगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 62 वर्षीय चंदरसिंह, मारोल निवासी, के खिलाफ अमझेरा थाना सहित जिले के अन्य थानों में 25 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें अवैध डामर और गैस जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। आरोपी पर विस्फोटक अधिनियम और ईसी एक्ट के तहत भी केस दर्ज किए गए हैं।

लंबे समय से फरार था आरोपी

एसडीओपी सरदारपुर, आशुतोष पटेल ने बताया कि 5 जुलाई को अमझेरा थाना क्षेत्र के बजरंग ढाबे के पीछे पुलिस ने एक गैस टैंकर से एलपीजी निकालकर कमर्शियल गैस टंकियों में भरते हुए तीन लोगों को पकड़ा था। हालांकि, मुख्य आरोपी यशवंत उर्फ चंदरसिंह दांगी तब फरार हो गया था। चंदरसिंह पर पहले से जिला दंडाधिकारी के आदेश से जिला बदर किया गया था, लेकिन उसने जिला बदर की अवधि में ही इस घटना को अंजाम दिया और आदेश का उल्लंघन किया। इसके तहत उसके खिलाफ राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

अवैध धंधों से बना लखपति

चंदरसिंह दांगी अवैध धंधों में लिप्त होकर करोड़पति बन गया है। पहले केवल जमीन के मालिक थे, लेकिन अब करोड़ों की संपत्ति का मालिक बन गया है। उसके खिलाफ मारपीट, अवैध डामर और गैस जैसे मामलों में भी कई केस दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में हलचल मची हुई है, क्योंकि जिस व्यक्ति ने एक समय अपने अवैध धंधों से लोगों का समर्थन पाया था, वही अब जेल की हवा खा रहा है।

थाना अमझेरा की पुलिस टीम की कार्रवाई

अमझेरा थाना प्रभारी रविंद्र बारिया, सहायक उप निरीक्षक मुकेश अलन्से, आरक्षक राम गोपाल, राहुल मंडलोई, और प्रवीण गोरे की टीम ने चंदरसिंह दांगी को गिरफ्तार किया। धार एसपी मनोज कुमार सिंह और एएसपी डॉ. इंदरजीत बाकलवार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

 

फरियादी निरीक्षक सुनील शर्मा की रिपोर्ट के आधार पर थाना अमझेरा में 6 जुलाई को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में एक गैस टैंकर, एक पिकअप वाहन, और 107 गैस टंकियां भी पहले जप्त की जा चुकी हैं। घटना के मुख्य आरोपी चंदरसिंह को पहले जिला बदर किया गया था, लेकिन उसने इस आदेश का उल्लंघन कर घटना को अंजाम दिया।



Related