BJP सदस्यता अभियान: 31अक्टूबर तक चलेगा सदस्यता उत्सव


धार में भाजपा का सक्रिय सदस्यता अभियान चार विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जिला कार्यशाला के साथ जोर-शोर से शुरू हुआ।


आशीष यादव
धार Published On :

धार में भाजपा के सक्रिय सदस्यता अभियान को लेकर चार विधानसभा क्षेत्रों की जिला कार्यशाला बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में सम्पन्न हुई। इस कार्यशाला में धार, बदनावर, सरदारपुर और धरमपुरी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र का पूजन और दीप प्रज्वलन से किया गया।

 

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने लगातार शोर मचाया, लेकिन फिर भी पिछले दो लोकसभा चुनावों में वह 100 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर पाई। विपक्ष झूठ फैलाने में लगा रहता है, लेकिन अब देश की जनता जागरूक हो रही है। हरियाणा विधानसभा चुनाव इसका ताजा उदाहरण है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन आधारित पार्टी है और इसका सदस्यता अभियान तभी सफल होगा जब प्रत्येक बूथ पर 200 से अधिक सदस्य बनाए जाएं।

 

भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सोमानी ने कहा कि सक्रिय सदस्यता भाजपा की नींव है। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सदस्यता अभियान को पर्व की तरह मनाती है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश में देशभर में सबसे अधिक 1.5 करोड़ सदस्य बनाने का रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने जानकारी दी कि 16 से 31 अक्टूबर तक नमो एप के माध्यम से 100 रुपए शुल्क जमा कर सक्रिय सदस्यता के लिए आवेदन किया जा सकता है, जिसका भौतिक सत्यापन 1 से 4 नवंबर तक किया जाएगा।

 

कार्यशाला में धार विधायक नीना वर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 में उन्हें 90 हजार मत प्राप्त हुए थे और वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र में 90 हजार भाजपा सदस्य हैं, जो कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।

 

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सोमानी ने जानकारी दी कि धार जिले में अब तक 3 लाख 19 हजार प्राथमिक सदस्य बनाए जा चुके हैं। अब हर बूथ से पांच सक्रिय सदस्य बनाए जाएंगे, जिसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान का ऐप 20 अक्टूबर तक संचालित रहेगा और जहां सक्रिय सदस्य कम बने हैं, वहां 100 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यशाला का संचालन प्रकाश धाकड़ ने किया और आभार अशोक जैन ने माना।

 


Related





Exit mobile version