बदनावर नवोदय विद्यालय में दर्दनाक हादसा: पीटी के दौरान 13 वर्षीय छात्रा की साइलेंट अटैक से मौत


कड़ाके की ठंड में सुबह पीटी के लिए मैदान में उतरी 13 साल की छात्रा की साइलेंट अटैक से मौत। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :

धार ज़िले के बदनावर क्षेत्र में जारी कड़ाके की ठंड ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। जवाहर नवोदय विद्यालय, मुलथान में कक्षा छठी की 13 वर्षीय छात्रा निशा सूर्यवंशी की गुरुवार सुबह पीटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 7:15 बजे स्कूल ग्राउंड में हुआ, जब छात्र-छात्राएं रोज़ाना की तरह शारीरिक प्रशिक्षण के लिए मैदान में मौजूद थीं।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीटी के दौरान निशा अचानक ज़मीन पर गिर पड़ी। मैदान में मौजूद शिक्षकों और अन्य बच्चों ने तुरंत उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आनन-फानन में उसे सिविल अस्पताल बदनावर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल मौत के सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि भीषण ठंड में अलसुबह खुले मैदान में पीटी करना इस त्रासदी की वजह बना। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

 

सिविल अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। प्रारंभिक तौर पर साइलेंट अटैक की आशंका है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।

 

निशा की असमय मौत की खबर जैसे ही गांव और स्कूल परिसर में पहुंची, हर ओर शोक की लहर दौड़ गई। ठंड की मार और सिस्टम की लापरवाही—दोनों के बीच एक मासूम की ज़िंदगी थम गई। यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि क्या कड़ाके की ठंड में बच्चों की दिनचर्या और सुरक्षा प्रोटोकॉल पर पर्याप्त संवेदनशीलता बरती जा रही है?



Related