विद्यार्थी की सजगता से ही सुरक्षा संभव: एसपी मनोज कुमार सिंह

धार में लायंस क्लब और धार पुलिस के 'ऑपरेशन अभिमन्यु' के तहत "बालिका सुरक्षा एवं आत्मरक्षा कार्यशाला" का आयोजन हुआ। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने छात्रों को नशा, लिंगभेद, साइबर फ्रॉड और यौन उत्पीड़न जैसे मुद्दों पर जागरूक किया। उन्होंने सजग और सतर्क रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में विभिन्न अतिथियों ने बालिकाओं की सुरक्षा और आत्मरक्षा पर जोर दिया। इसके बाद मास्टर ट्रेनर प्रीति बाथम ने छात्रों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए।

लायंस क्लब धार के सेवा सप्ताह और धार पुलिस के ‘ऑपरेशन अभिमन्यु’ के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक एक में “बालिका सुरक्षा एवं आत्मरक्षा कार्यशाला” का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह, जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उमेश कुमार सोनी, लायंस क्लब के वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनिल खंडेलवाल, रीजन चेयरपर्सन प्रणय तिवारी, विद्यालय के सहायक प्राचार्य अभय किरकिरे और मास्टर ट्रेनर प्रीति बाथम मौजूद थीं।

कार्यक्रम की शुरुआत मॉ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से की गई। एसपी मनोज कुमार सिंह ने उपस्थित कक्षा 9वीं से 12वीं के लगभग 500 विद्यार्थियों को ‘अभिमन्यु अभियान’ के तहत नशा, दहेज, अशिक्षा, लिंगभेद, अश्लीलता, भ्रूण हत्या, घरेलू हिंसा और यौन उत्पीड़न जैसे महिला अपराधों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने सोशल मीडिया और मोबाइल के सुरक्षित उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के साथ-साथ साइबर फ्रॉड, बैंक लोन फ्रॉड और डिजिटल धोखाधड़ी से निपटने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी। एसपी ने कहा, “विद्यार्थी जितना सजग और सतर्क रहेगा, वह उतना ही सुरक्षित रहेगा।”

जिला न्यायाधीश एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उमेश कुमार सोनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज में बालिकाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, और हमें उन्हें हर स्थिति से लड़ने का साहस और उनके लिए उपयोगी कानूनों की जानकारी देनी होगी।

लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट के वाइस गवर्नर अनिल खंडेलवाल ने धार पुलिस के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्यशाला का आयोजन बालिका सुरक्षा और आत्मरक्षा जैसे ज्वलंत मुद्दे पर किया गया है, जिसमें लायंस क्लब समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाता है।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता लायंस क्लब धार के अध्यक्ष नकुल जोशी ने की। सहायक प्राचार्य अभय किरकिरे ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम संयोजक मंगलेश महाले ने रूपरेखा प्रस्तुत की। संचालन मां नर्मदा डिग्री कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. मनोज नहार ने किया।

कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी भैरूसिंह देवड़ा को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए ‘लायंस प्राइड अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। अंत में सभी अतिथियों को लायंस क्लब धार द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

मंचीय कार्यक्रम के बाद इंदौर से आई मास्टर ट्रेनर प्रीति बाथम ने 500 विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए और सतर्कता बनाए रखने के टिप्स दिए।

 

First Published on: October 4, 2024 7:18 PM