मध्य प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल: 47 आईएएस-आईपीएस अधिकारियों के तबादले


मध्य प्रदेश में 47 आईएएस-आईपीएस अधिकारियों के तबादले हुए हैं, जिसमें 7 कलेक्टर और 7 एसपी शामिल हैं। कुछ अधिकारियों को नए जिलों में कलेक्टर और पुलिस प्रमुख नियुक्त किया गया है।


DeshGaon
भोपाल Published On :

मध्य प्रदेश में शनिवार की देर रात करीब 1 बजे प्रशासनिक अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले किए गए। इस बदलाव में 7 जिलों के कलेक्टर, 7 पुलिस अधीक्षक (एसपी) समेत कुल 47 आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के पदों में परिवर्तन किया गया है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में 1992 बैच के अधिकारी डीसी सागर को भोपाल पुलिस मुख्यालय में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) के पद पर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे शहडोल के पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। वहीं, 2006 बैच के अधिकारी अनुराग शर्मा को शहडोल का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, श्रम विभाग के प्रमुख सचिव सचिन सिन्हा और चंबल संभाग के कमिश्नर संजीव झा को राजस्व मंडल, ग्वालियर में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, राजस्व मंडल में रहे उमाकांत उमराव की वापसी कर उन्हें श्रम विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है। पर्यावरण नियोजन एवं सामान्य संगठन के कार्यपालक संचालक संजीव सिंह को भोपाल संभाग का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। 2012 बैच के अधिकारी केदार सिंह को शहडोल का कलेक्टर बनाया गया है, जबकि मृणाल मीणा, जो उज्जैन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालक अधिकारी थे, को बालाघाट का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

 

पहली बार कलेक्टर बने 5 आईएएस अधिकारी

इस तबादले में 2015 बैच के पांच आईएएस अधिकारियों को पहली बार कलेक्टर बनने का मौका मिला है। इनमें जनसंपर्क डायरेक्टर रोशन कुमार सिंह, मृणाल मीणा, हर्ष सिंह, हर्षल पंचोली और हिमांशु चंद्रा के नाम शामिल हैं। इसके अलावा, पीएस सीएमओ संजय शुक्ल को माइनिंग विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि हर्षिका सिंह को आयुक्त तकनीकी शिक्षा का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

सूत्रों का दावा: 15 अगस्त के बाद आ सकती है एक और सूची

सूत्रों का कहना है कि 15 अगस्त के बाद कलेक्टरों के तबादलों की एक और सूची जारी हो सकती है। मध्य रात्रि में जारी हुई इस सूची के बाद और भी कई जिलों में प्रशासनिक फेरबदल की उम्मीद जताई जा रही है।



Related