मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, 28 अक्टूबर को मिलेगी सैलरी


मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की है कि इस बार अक्टूबर माह की सैलरी 28 अक्टूबर को दी जाएगी। यह फैसला दिवाली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि कर्मचारी समय से वेतन पाकर त्यौहार अच्छे से मना सकें।


DeshGaon
Government news and policy Updated On :

मध्य प्रदेश सरकार ने अपने सरकारी कर्मचारियों को दिवाली से पहले एक बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के माध्यम से घोषणा की कि इस बार सरकारी कर्मचारियों को अक्टूबर माह की सैलरी 28 अक्टूबर को ही दी जाएगी। यह घोषणा दिवाली के चलते की गई है, ताकि कर्मचारी त्यौहार को अच्छे से मना सकें। सामान्यत: यह सैलरी 1 नवंबर को मिलनी थी, लेकिन दिवाली के कारण इसे पहले जारी करने का निर्णय लिया गया है।

मुख्य बातें:

  • जल्दी मिलेगी सैलरी: 28 अक्टूबर को सरकारी कर्मचारियों के खातों में सैलरी जमा हो जाएगी।
  • सीएम मोहन यादव की घोषणा: मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी।
  • त्योहारों को ध्यान में रखते हुए: कर्मचारियों के हित को देखते हुए सरकार ने ये फैसला लिया।

मुख्यमंत्री ने की अग्रिम शुभकामनाएं

सीएम मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी शासकीय सेवकों के 1 नवंबर को देय अक्टूबर माह का वेतन 28 अक्टूबर को आहरित करने हेतु आदेशित किया गया है। सभी कर्मचारियों को अग्रिम वेतन मिलने से उनका दीपोत्सव और भी आनंददायक होगा। मेरी ओर से सभी को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं।”

कर्मचारी संगठनों की थी मांग

मध्य प्रदेश कर्मचारी संगठनों ने सरकार से दिवाली के पहले वेतन जारी करने की मांग की थी। संगठन का कहना था कि कई त्योहारों के चलते कर्मचारियों को वेतन पहले मिलने से वे त्योहार अच्छे से मना सकेंगे। मुख्यमंत्री ने इस मांग को ध्यान में रखते हुए 28 अक्टूबर को वेतन जारी करने का आदेश दिया।

 

कर्मचारी संगठनों ने जताया आभार
मध्य प्रदेश संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला कर्मचारियों के लिए राहतभरा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से संविदा कर्मचारियों और आउटसोर्स कर्मचारियों को भी दिवाली से पहले वेतन देने की मांग की थी।

 



Related