कौन बनेगा सांसद? Exit polls के बावजूद धार सीट पर लोग मान रहे कांटे की टक्कर, BJP की सावित्री ठाकुर और कांग्रेस के मुवेल दोनों को ही जीत की पूरी उम्मीद

मतगणना की तैयारियां पूरी, डाक मतपत्र पहुंचे स्ट्रांग रूम, 450 पुलिसकर्मी संभालेंगे कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था

लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून यानी मंगलवार को आना है। मंगलवार सुबह से ही नतीजों के रुझान आना शुरू हो जाएंगे। मतदाताओं का फैसला तय करेगा कि धार संसदीय सीट पर आने वाले पांच साल के लिए भाजपा की सावित्री ठाकुर सांसद के तौर पर कार्य संभालेंगी या फिर भाजपा को दो बार मौका देने के बाद अब कांग्रेस के राधेश्याम मुवेल पहली बार सांसद बनकर दिल्ली जाएंगे।

मतगणना की शुरूआत सुबह 8 बजे से हो जाएगी और दोपहर 12 बजे नतीजों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि आगे की मतगणना किसके पक्ष में जाना है।

भारतीय जनता पार्टी के पास वर्ष 2014 से धार संसदीय सीट है। वर्ष 2014 में पहली महिला के तौर पर सावित्री ठाकुर चुनाव जीतकर सांसद निर्वाचित हुई थी। हालांकि वर्ष 2019 में ठाकुर का टिकट काटकर पार्टी ने पूर्व सांसद छतरसिंह दरबार को मौका दिया था। अंतिम मौका पाकर दरबार ने भी अपनी जीत मुकर्रर करते हुए पांच साल का कार्यकाल बखूबी पूरा किया।

अब वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे आना है। इसमें तय होगा कि पहली बार जिले में कोई पार्टी लगातार तीसरी बार जीतकर हैट्रिक लगाने में सफल रहती है या कांग्रेस का दस साल का वनवास खत्म हो जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष की साख दांव पर:

इस चुनाव में कांग्रेस कद्दावर नेता गंधवानी विधायक उमंग सिंघार के चेहरे पर चुनाव लड़ी है। कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष सिंघार की सहमति पर ही उनके कार्यकर्ता राधेश्याम मुवेल को टिकट दिया था। टिकट मिलने के बाद सिंघार की पूरी जिले में मुवेल के लिए काम करती नजर आई। अब फैसला आना है। इसमें साफ होगा कि नेता प्रतिपक्ष सिंघार के चहेते मुवेल को सफलता मिलती है या फिर तीसरी बार मोदी फैक्टर जिले में काम कर गया है।

संगठन और पूर्व केंद्रीय मंत्री पर दारोमदार:

वहीं बात करें भाजपा की तो पूर्व सांसद सावित्री ठाकुर भी चुनाव से पहले सक्रिय नहीं थी। जयदीप पटेल और रंजना बघेल के नामों पर सांसद के लिए चर्चा चल रही थी। लेकिन ऐन वक्त पर संगठन और पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा व नीना वर्मा की सहमति के चलते पूर्व सांसद सावित्री ठाकुर को टिकट मिला और संगठन ने पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ा। ऐसे में नतीजों के बाद जीत का साफा भी वर्मा दंपत्ती के सिर पर ही बंधता नजर आएगा।

आठ डीएसपी और 19 थानों प्रभारी रहेंगे मौजूद:

मतगणना स्थल पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। यहां की व्यवस्था तीन लेयर में रखी गई है। एएसपी डॉ. चंद्रजीत बकलवाल के अनुसार मतगणना स्थल पर 450 के लगभग पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। इनमें आठ डीएसपी, 19 टीआई सहित एक कंपनी और कोटवार आदि शामिल हैं। इसी दिन विजयी उम्मीदवारों द्वारा जुलूस निकालने की संभावना को देखते हुए थानों पर पुलिस बल तैनात रहेंगे। वही मौके पर एसपी व अन्य अधिकारी तैनात रहेंगे।

 

प्रत्येक टेबल पर तीन कर्मचारी:

संसदीय क्षेत्र की महू विधानसभा की गणना इंदौर में होगी। एडीएम अश्विनी कुमार रावत ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 14-14 टेबल लगाई जाएगी। इन टेबलों पर एक गणना अधिकारी, एक गणना सहायक व एक माइक्रो ऑब्जर्वर होंगे, जो गणना पर नजर रखेंगे। नतीजों के टेबुलेशन के लिए अलग से कर्मचारी होंगे, जो नतीजों को मैनुअल सहित कम्प्यूटर के माध्यम से मिलान कर जारी करेंगे। वही एक हजार से अधिक कर्मचारियों द्बारा मतगणना का काम सम्पन्न किया जायेगा। वही

डाक मतपत्रों के लिए अलग से व्यवस्था की गई हैं, अभी सभी डाक मतपत्रों को स्ट्रांग रूम में रखवाया गया है। इनकी गणना अलग से होगी। जहां पर बुजुर्ग और दिव्यांग के वोटों की भी गिनती होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका मिश्रा व एसपी मनोज कुमार सिंह भी सुरक्षा की दृष्टि से कॉलेज परिसर का लगातार निरीक्षण कर रहे है।

 

 

जानिए कहां कितने राउंड में मतों की गिनती

 

विधानसभा        मतदान बूथ            राउंड    रंग

  1. सरदारपुर          273               19    पीला
  2. गंधवानी             280              20   नीला
  3. कुक्षी                 273              19    हरा
  4. मनावर               261             18    मेहरून
  5. धरमपुरी             244              17    सफेद
  6. धार                   300              21    पिंक
  7. बदनावर             248              17    बैंगनी
  8. महू                    280              20     —
First Published on: June 3, 2024 9:00 PM