भाजपा का हुआ धार, सावित्री ठाकुर की बड़ी जीत, नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेसी विधायक सब पस्त


धार में कांग्रेस की यह हार ऐतिहासिक है, सावित्री ठाकुर के प्रति बने नकारात्मक माहौल को भी नहीं भुना पाई कांग्रेस, सभी विधायक हुए नाकाम


आशीष यादव आशीष यादव
लोकसभा चुनाव 2024 Updated On :

लोकसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं, भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर जहां पूर्ण बहुमत न मिल पाने से निराशा हाथ लगी है तो वहीं मप्र में पूर्ण संतोष मिला है क्योंकि यहां पार्टी ने पहली बार क्लीन स्वीप किया है और सभी 29 सीटें जीत ली हैं। धार लोकसभा सीट एक अहम सीट मानी जा रही थी जहां कांटे की टक्कर कही जा रही थी लेकिन यह सीट सीधे तौर पर भाजपा के साथ गई है। यहां तीन को छोड़कर सभी विधानसभाओं पर कांग्रेस जीती थी लेकिन इससे लोकसभा चुनावों के नतीजों पर खास असर नहीं पड़ा।

धार-महू लोकसभा सीट पर भाजपा की सावि‍त्री ठाकुर ने रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की है, उन्‍होंने अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस उम्‍मीदवार राधेश्‍याम मुवेल को करीब 2 लाख 18 हजार से अधिक मतों से हरा दिया है।

चुनाव जीतने के बाद सावित्री ठाकुर ने मतगणना स्‍थल पर अपने समर्थकों के साथ विक्ट्री साइन दिखाया साथ ही कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं वजह से सफलता मिली है, एमपी के मन में है मोदी। उन्होंने कहा लाभार्थियों और हितग्राहियों का विशेष अभिनंदन, जिन्होंने मोदी जी की गारंटी पर पूरा भरोसा दिखाया है। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सोमानी की मेहनत को भी सराहा गया।

मतगणना के दौरान कहीं ऐसे नजारे भी देखने को आए जिनमें अधिकारी के साथ मतगणना स्थल पर कर्मचारी परेशान होते नजर आए वहीं मतगणना स्थल पर ठंडी हवा के लिए कूलर तो लगाए थे मगर कूलर कहीं कूलर नहीं चलने के कारण अधिकारी परेशान होते रहे वहीं एक कूलर को सही करने के लिए खुद पीथमपुर टीआई उठे और उसे चालू करने का प्रयास किया मगर कई बार प्रयास करने के बाद भी वह कूलर चालू नहीं हुआ उनके बाद कर्मचारियों ने गर्मी में अपनी ड्यूटी जारी रखी।

शुरुआत से बनाई बढ़त: मतगणना की शुरुआत से ही भाजपा उम्मीदवार सावित्री ठाकुर को हर राउंड में बढ़त मिलती गई। जैसे-जैसे मतगणना के राउंड आगे बढ़ रहे थे उनकी रिकॉर्ड मतों से जीत को सुनिश्चित कर रहे थे। भाजपा उम्मीदवार सावित्री ठाकुर को कुल 7,94,449 वोट प्राप्त हुए जबकि कांग्रेस उम्‍मीदवार राधेश्‍याम मुवेल 5,75,784 वोटों पर सिमट गए।

भाजपा उम्‍मीदवार साव‍ि‍त्री ठाकुर ने रिकॉर्ड 2 लाख 18 हजार 665 वोटो से जीत दर्ज की। भाजपा की रिकॉर्ड जीत पर कार्यकर्तओं ने आतिशबाजी करते हए मिठाईयां बांटीं।

कहां से कितनी लीड: धार सीट से भाजपा को मिली लीड को देखें तो 79 हजार वोट की लीड बदनावर से,  41 हजार सरदारपुर से,  16 हजार धरमपुरी से 27 हजार, महू से 81 हजार वोट की लीड सावित्री ठाकुर को मिली है। वहीं कांग्रेस को तीन विधानसभा लीड मिली है इनमें उमंग सिंघार की विधानसभा गंधवानी से 55 सौ से अधिक, कुक्षी में 11 हजार 700 व मनावार जो मुवेल के इलाका है वहां 8500 वोट को लीड मिली है।

https://x.com/UmangSinghar/status/1797974392422662151

नेता प्रतिपक्ष के गृह जिले में हार मिली: प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष के गृह जिले में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा अब तक की सबसे बड़ी हार मानी जा रही है। इस सीट से कांग्रेस ने पुराने चेहरों को दरकिनार करते हुए नए युवा चेहरे राधेश्याम मुवेल को टिकट दिया था, धार जिला नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का गृह जिला है। सिंघार गंधवानी से विधायक भी हैं और उनकी खुद की विधानसभा में केवल 5500 से अधिक वोट की लीड मिल सकी। 

सावित्री को मिल सकता है मंत्री मंडल में जगह:  सावित्री ठाकुर की जीत के बाद अब कहा जा रहा है कि उन्हें आदिवासी नेता होने के नाते मंत्री मंडल में जगह मिल सकती है। वे यहां से दूसरी बार सांसद चुनी गई हैं। हालांकि यह केवल कयास हैं क्योंकि फिलहाल भाजपा अपने घटक दलों पर ही सरकार बनाने के लिए भरोसा कर सकती है और घटक दलों के इतिहास को देखते हुए अभी यह कहना जल्दबाजी होगी। वहीं मप्र में कई नेताओं ने बड़ी जीत दर्ज की है ऐसे में ठाकुर का नंबर कब आता है यह कहना मुश्किल है।

सावित्री उवाच…

मीडिया से चर्चा में सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में 29 की 29 लोकसभा जीता कर मध्य प्रदेश वासियों ने बता दिया कि एमपी के मन में है मोदी है। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों और हितग्राहियों का विशेष अभिनंदन, जिन्होंने मोदी जी की गारंटी पर पूरा भरोसा दिखाया है। यह परिणाम बताता है कि विगत 10 वर्षों में विकास हुआ है। मोदी की गारंटी है विकसित भारत बनाने की, मध्य प्रदेश वासियों ने इसमें बढ़कर सहयोग करा है। भाजपा संगठन के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत बहुत शुभकामनाएं और बधाई। मोदी जी ने जो कहा सो किया। फ‍िर एक बार मोदी सरकार।

इस हार का मैं हूं जिम्मेदार: कांग्रेस प्रत्याशी राधेश्याम मुवेल ने कहा कि जिन मतदाताओं ने मुझे वोट दिया। मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं। सबसे बड़ी बात यह है कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ी है। हमारे सभी कार्यकर्ताओं ने अच्छी मेहनत की। परिणाम हमारे पक्ष में नहीं आए हैं। मैं हार की जिम्मेदारी स्वयं लेता हूं। कांग्रेस का छोटा सिपाही हूं। जीवन प्रत्यंत कांग्रेस का कार्यकर्ता बनकर रहूंगा। हार का कारण कुछ तो हैं, कांग्रेस के परंपरागत बूथों पर हम हारे हैं, यह कैसे संभव हो सकता है। पिछले 15 से 20 सालों से उन बूथों पर लोगों ने वोटिंग की है, वहां हम हारते हैं, तो कुछ तो गड़बड़ है।

धार में कब कौन जीता:

एमपी की धार लोकसभा सीट बनने के बाद से यहां किसी का भी इकतरफा राज नहीं रहा है। समय समय पर जनता ने अलग अलग प्रत्याशियों को मौका दिया है। साल 1962, 1967, 1971 में भारतीय जनसंघ पार्टी के उम्मीदवार को सासंद चुना गया।  इसके बाद 1977 में जनता पार्टी, फिर साल 1980, 1984, 1989, 1991 में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी को जनता ने चुना। इसके बाद साल 1996 में बीजेपी, साल 1998, साल 1999 में कांग्रेस पार्टी और 2004 में भाजपा फिर 2009 में कांग्रेस के उम्मीदवार को जीत मिली। अब फिर 2014 से इस सीट पर भाजपा का कब्जा है। इस सीट पर भारतीय जनसंघ पार्टी तीन बार, जनता पार्टी एक बार, कांग्रेस पार्टी सात बार और भाजपा ने 4 बार जीत हासिल की है।



Related