गुना में महिला थानेदार के घर में तोड़फोड़, हिंदू संगठन के नेताओं पर लूटपाट का आरोप


गुना में मुस्लिम महिला थानेदार शहनाज बानो के घर पर 50 से ज्यादा उपद्रवियों ने हमला किया, जमकर तोड़फोड़ और लूटपाट की। परिवार के लोगों से मारपीट भी की गई। पुलिस पर मामले को दबाने के आरोप लगे हैं।


DeshGaon
ग्वालियर Updated On :

मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक मुस्लिम महिला थानेदार के घर में तोड़फोड़ और लूटपाट का मामला सामने आया है। करीब 50 उपद्रवियों ने घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और गृहस्थी के सामान के साथ-साथ महिलाओं के जेवर भी लूट लिए। आरोप है कि इस हमले को हिंदू संगठन से जुड़े नेताओं ने अंजाम दिया।

क्या है मामला?

घटना गुना के कैंट थाना क्षेत्र की है, जहां मुस्लिम महिला टीआई शहनाज बानो के ससुराल में यह हमला हुआ। शहनाज बानो वर्तमान में इंदौर में पदस्थ हैं, जबकि उनके ससुराल वाले गुना में रहते हैं। मकान को लेकर निजी स्कूल संचालक मोहन सिंह परिहार और ससुरालवालों के बीच विवाद चल रहा था।

आरोप है कि मोहन सिंह परिहार ने हिंदू संगठन से जुड़े नेताओं को घर खाली कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद करीब 50 से ज्यादा उपद्रवी विकास नगर स्थित उनके घर में घुस गए और जमकर तोड़फोड़ और लूटपाट की।

दिनदहाड़े हुआ हमला, पुलिस पहुंची लेकिन आरोपी फरार

यह घटना दिनदहाड़े हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे।

महिला थानेदार के परिवार से मारपीट

हमले के दौरान शहनाज बानो की सास और देवर को लाठी-डंडों से पीटा गया। देवर एहतिशाम ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने घर में रखे जेवर भी लूट लिए और पूरे घर को तहस-नहस कर दिया।

 

पुलिस पर लगे मामले को दबाने के आरोप

पीड़ितों का कहना है कि पुलिस ने सिर्फ औपचारिकता के तौर पर FIR दर्ज की और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।

इस मामले में ASP मानसिंह ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है, क्योंकि मकान को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि, अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि दिनदहाड़े इतने बड़े हमले के बावजूद पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ने में नाकाम क्यों रही। वहीं, महिला थानेदार के परिवार पर हुए इस हमले को लेकर पुलिस की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

 



Related